दुग्ध अवशीतन केंद्र लोकार्पण व जनसभा स्थल का किया निरीक्षण
आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद का दौरा संभावित है। जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शनिवार को विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत कंधरापुर के मिरिया स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि आगामी 06 अप्रैल को श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण एवं विशाल जनसभा का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप स्थित है, जहां वीवीआईपी द्वारा विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जर्मन हैंगर, मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, हेलीपैड, अस्थायी मार्ग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को विशेष रूप से दुरुस्त किया जाए। साथ ही वीवीआईपी आवागमन मार्ग व सभा स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय कीं और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment