.

आजमगढ़: मुख्यमंत्री करेंगे दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण, 40 हजार लीटर प्रतिदिन है क्षमता



क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को नई गति मिलेगी, ग्रामीण महिलाओं की आय में भी वृद्धि की उम्मीद

आजमगढ़, 05 अप्रैल। जनपद में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उद्योग नीति के अंतर्गत स्थापित श्री शेषनाथ सिंह मिल्क एंड आइस फैक्ट्री/श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित इस केंद्र की क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। यह केंद्र सगड़ी तहसील के कंधरापुर पोस्ट अंतर्गत ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित किया गया है। अधिकारी के अनुसार, इस दुग्ध अवशीतन केंद्र से कुल 165 ग्राम जुड़े हुए हैं, जबकि 3833 महिला दुग्ध उत्पादक सदस्य इससे लाभान्वित हो रही हैं। वर्तमान में इन महिला सदस्यों द्वारा लगभग 25 हजार लीटर दूध प्रतिदिन ग्राम स्तर पर संग्रहित कर केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है। केंद्र के संचालन के लिए ग्राम स्तर पर 10 कार्मिकों की तैनाती की गई है, जो दुग्ध उपार्जन का कार्य देख रहे हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद में इस केंद्र के सुचारु संचालन के लिए 18 दुग्ध परिवहन मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को नई गति मिलने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आय में भी वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment