.

आजमगढ़: अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार


सरायमीर में रेस्टोरेंट के ऊपर चल रहा था बिना अनुमति धंधा, हुक्का व फ्लेवर तंबाकू बरामद

आजमगढ़: सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रायल रेस्टोरेंट के ऊपरी तल पर बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किया जा रहा था, जहां से भारी मात्रा में हुक्का और फ्लेवर युक्त तंबाकू बरामद किया गया। उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खरेवा मोड़ से दीदारगंज रोड स्थित रायल रेस्टोरेंट के द्वितीय व तृतीय तल पर अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान प्रथम तल पर रेस्टोरेंट बंद मिला, जबकि दूसरे तल पर कमरे में तीन मेजों पर छह हुक्के लगे हुए थे। कई युवक वहां बैठकर हुक्का पी रहे थे, जिससे पूरे कमरे में धुआं फैला हुआ था। पुलिस को देखते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य राय उर्फ अवनीश पुत्र अनिल राय निवासी गांगेपुर थाना बिलरियागंज ने बताया कि वह अपने साथी अशरफ पुत्र अरशद निवासी माहूल थाना अहिरौला के साथ मिलकर रेस्टोरेंट के ऊपरी तल को किराये पर लेकर हुक्का बार चला रहा था, जबकि अन्य दो कर्मचारी वेटर का काम करते थे। पुलिस ने मौके से मो0 शबाब पुत्र अमजद अली निवासी पुराना पवई रोड कस्बा माहूल थाना अहिरौला को भी पकड़ा । तलाशी के दौरान पुलिस ने 6 हुक्का, 5 पाइप, 6 चिलम, 615 ग्राम फ्लेवर युक्त विदेशी तंबाकू, 3 पैकेट कोयला और अन्य सामग्री बरामद की। साथ ही आरोपी के पास से 480 रुपये नकद भी मिले। संचालन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने इसे अवैध पाया। इस मामले में थाना सरायमीर में बीएनएस की धारा 223, 271, 272 तथा सिगरेट एवं तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment