.

आजमगढ़: प्रेरणा से भरपूर रही एसकेडी की गुडलक पार्टी , भावनाओं से सजा विदाई समारोह






विद्यालय जीवन में अर्जित ज्ञान और संस्कार ही भविष्य की मजबूत नींव होते हैं - विजय बहादुर सिंह

आजमगढ़: जहानागंज क्षेत्र के धनहूंआ स्थित एसकेडी विद्या मंदिर में उल्लास, भावनाओं और प्रेरणा से परिपूर्ण एक भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए जहाँ आत्मीयता से भरा विदाई समारोह आयोजित किया गया, वहीं कक्षा 10 के छात्रों को गुडलक पार्टी के माध्यम से विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षा की सटीक तैयारी के मंत्र देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक विजय बहादुर सिंह द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया। फेयरवेल पार्टी में कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने तथा गुडलक पार्टी में कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर सभी गणमान्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अपने साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
आयुषी और आकांक्षा के सधे हुए संचालन ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक श्रृंखला में नाटक, सामूहिक गान और मनमोहक नृत्य शामिल रहे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने करियर, जीवन की चुनौतियों और सपनों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। आंचल, पूर्णिमा, प्रगति, रिया, सुनिधि, वृष्टि, आरती और लवली की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञों ने छात्रों को परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण रणनीतियाँ और व्यावहारिक सुझाव दिए। अपने प्रेरणादायी संबोधन में संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि विद्यालय जीवन में अर्जित ज्ञान और संस्कार ही भविष्य की मजबूत नींव होते हैं। 12वीं के बाद शिक्षा पूर्णतः करियर-उन्मुख हो जाती है, इसलिए करियर का चयन अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करना चाहिए। उन्होंने कक्षा 10 के छात्रों को बोर्ड परीक्षा कक्ष की वास्तविक चुनौतियों से भी अवगत कराया। कृष्णमुरारी सिंह, आनंद उपाध्याय, भारतेन्दु, राजेश, रंजना वर्मा, ममता सहित अन्य विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी उपयोगी टिप्स प्रदान किए। विद्यालय व्यवस्थापक श्रीकांत सिंह ने सीबीएसई की नई परीक्षा गाइडलाइन पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य के.के. सरन और उपप्रधानाचार्य योगेश अस्थाना ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के समस्त स्टाफ के सक्रिय सहयोग से यह आयोजन न केवल यादगार बना, बल्कि विद्यार्थियों के मन में आत्मविश्वास प्रेरणा,और नई ऊर्जा का संचार कर गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment