जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़, पिकअप,तमंचा-कारतूस और एक मवेशी बरामद
आजमगढ़: जिले की पुलिस से पशु तस्करों की बीते 24 घंटे के भीतर जिले में दूसरी मुठभेड़ हुई है। जहानागंज थाना क्षेत्र में देर रात पशुतस्करी की सूचना पर घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन, अवैध तमंचा-कारतूस और एक मवेशी को बरामद किया है। बीती थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम गंभीरवन (बड़ैला ताल) के पास एक पिकअप वाहन में छुट्टा मवेशी लादा जा रहा है। सूचना पर विश्वास करते हुए थानाध्यक्ष जहानागंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाश दोबारा गोली चलाने लगे। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त की पहचान मोहीम अहमद पुत्र दिलशेर अहमद निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। वहीं पकड़े गए दूसरे अभियुक्त का नाम सुनील कुमार पुत्र शोभनाथ निवासी जलाईपुर ऊंचेगांव, थाना रानी की सराय बताया गया है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया है। पुलिस ने मौके से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, पिकअप वाहन, एक मवेशी बरामद किया। पूछताछ के दौरान घायल अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से संरक्षित पशु वध और पशु तस्करी करता था। आरोपी देर रात सुनसान इलाकों में घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़ते, निर्जन स्थानों पर ले जाकर अवैध वध करते और मांस को ऊंचे दामों पर बेचते थे। वध के बाद अवशेषों को नदी-नालों में फेंककर या जमीन में गाड़ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया जाता था। कई मामलों में संरक्षित पशुओं को वाहनों से बिहार समेत अन्य राज्यों में भेजकर अवैध बिक्री की जाती थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बार-बार ठिकाने बदलते रहते थे। घायल अभियुक्त पर पहले से 08 मुकदमें दर्ज हैं । वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त सुनील कुमार के खिलाफ भी जहानागंज थाने में संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। गौरतलब है कि अहरौला थाना क्षेत्र के तरकुलहा गांव के पास शुक्रवार की रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर के दाहिने पैर में गोली लगी थी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
Blogger Comment
Facebook Comment