मोबाइल दुकान में हुईं चोरी का पुलिस ने छह घंटों में किया पर्दाफाश
आज़मगढ़: जिस हाथों ने करीब 20 वर्षों तक दुकान संभाली, उसी ने भरोसे का कत्ल कर दिया। रोज़गार देने वाले मालिक के विश्वास को तोड़कर कर्मचारी ही चोर बन बैठा। आजमगढ़ में मोबाइल दुकान चोरी का ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने कारोबारियों को हैरान कर दिया। थाना कोतवाली क्षेत्र के मातबरगंज में स्थित मनोज कन्हैया मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज़ छह घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। इस मामले में दुकान में वर्षों से कार्यरत कर्मचारी को ही शातिर अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 14 अदद चोरी के स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन टैबलेट, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4.75 लाख रुपये बताई जा रही है, के साथ एक अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। बता दे कि मनोज कुमार पुत्र घुरहू राम, निवासी मातबरगंज, थाना कोतवाली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि लालडिग्गी तिराहे के पास स्थित उनकी मोबाइल दुकान में बुधवार/गुरुवार की रात छत के रास्ते अज्ञात चोर घुस आए और दुकान से 14 मोबाइल फोन व तीन टैबलेट चोरी कर ले गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस चोरी की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान में लगभग 20 वर्षों से काम कर रहा कर्मचारी अजय कुमार सिंह ने ही रची थी। आरोपी दुकान मालिक का पूरा विश्वास जीत चुका था और दुकान की चाभी भी उसी के पास रहती थी। घटना की रात वह सामान्य रूप से दुकान बंद कर घर चला गया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद देर रात वह दोबारा दुकान पर लौटा, शटर खोलकर मोबाइल और टैबलेट चोरी किए और चोरी की घटना दिखाने के उद्देश्य से दरवाजे की कुंडी वाली दीवार को तोड़ दिया। पुलिस ने अभियुक्त अजय कुमार सिंह पुत्र सत्यनारायण सिंह, निवासी थाना सिधारी (स्थायी पता– थाना भीमपुरा, जनपद बलिया) को मोहती घाट मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से दुकान में कार्यरत था और मालिक के भरोसे का गलत फायदा उठाया। उसने पूरी योजना के तहत पहले दुकान बंद की, फिर देर रात लौटकर चोरी की और साक्ष्य मिटाने के लिए तोड़फोड़ कर घटना को बाहरी चोरों की करतूत दिखाने का प्रयास किया।
Blogger Comment
Facebook Comment