उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी की जायेगी नोटिस- उप जिला निर्वाचन अधिकारी
आजमगढ़ 06 जनवरी-- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक-01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 हेतु घोषित किये गये कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में अवस्थित समस्त विधान सभा यथा 343-अतरौलिया, 344-गोपालपुर, 345-सगड़ी, 346-मुबारकपुर, 347-आजमगढ़, 348-निजामाबाद, 349-फूलपुर-पवई, 350-दीदारगंज, 351-लालगंज (अ०जा०) एवं 352-मेंहनगर (अ०जा०) की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आज दिनाक 06 जनवरी 2025 को जनपद के समस्त मतदेय स्थल पर कर दिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत दिनांक 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जायेंगी। 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण (जारी करना, सुनवाई और वेरिफिकेशन) एन्यूमरेशन फॉर्म पर फैसला और दावे और आपत्तियों का निपटारा ईआरओ द्वारा एक साथ किया जाएगा। 03 मार्च 2026 को हेल्थ पैरामीटर्स की जांच और फाइनल पब्लिकेशन के लिए कमीशन की परमिशन ली जायेगी। उसके बाद दिनांक 06 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा। उन्होने बताया कि वर्तमान आलेख्य निर्वाचक नामावली में 17,19,537 पुरूष, 14,28,063 महिला एवं 52 अन्य इस प्रकार कुल 31,47,652 मतदाता है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में घर-घर सर्वेक्षण के दौरान 102383 मतदाता मृतक पाये गये, 263695 मतदाता अन्य स्थानों पर स्थानांतरित (शिफ्टेड) पाये गये, 47984 मतदाता डुप्लीकेट पाये गये तथा 123984 मतदाता अनुपस्थित्त पाये गये है। उक्त के अतिरिक्त 158627 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी के पाये गये, जिनको भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी की जायेगी। उक्त नोटिसों के निस्तारण हेतु आयोग से निर्धारित 13 प्रकार के दस्तावेजों में किसी एक दस्तावेज को अपने मतदेय स्थल के बी०एल०ओ० को अथवा सुनवाई की निर्धारित तिथि को सम्बन्धित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण के समक्ष प्रस्तुत कर सकते है। उन्होने कहा कि नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी होने वाली नोटिसो में सुनवाई हेतु सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का नाम, पदनाम एवं स्थान अंकित होगा। उन्होने कहा कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेण्ट भी फार्म-6 बूथ लेवल आफिसर के पास जमा कर सकते है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान सभा निर्वाचक नामावलियां दिनाक 06 जनवरी 2025 से 06 फरवरी 2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में, मतदान केन्द्रों पर पदाभिहित अधिकारी, संबंधित बी०एल०ओ० के पास, मतदाता पंजीकरण केन्द्रों पर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़ में प्रत्येक कार्यालय कार्य दिवस में निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी तथा बिना फोटो वाली निर्वाचक नामावली जनपद की वेबसाइट www.azamgarh.nic.in पर उपलब्ध रहेगी। निर्वाचक नामावली दिनांक-11 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बी०एल०ओ० द्वारा पढ़ी जायेगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों से कहा कि जनपद में कुल 518 बूथ बढ़े हैं, वहां पर सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर दें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद आजमगढ़ के सभी नागरिकों से अपील किया है कि अर्ह व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु अधिक से अधिक संख्या में फार्म-6 भरवाने में सहयोग करें। इस अवसर पर समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment