.

आजमगढ़: देव दीपावली पर नदी-सरोवरों के किनारे सजे दीपों के हार



घरों से देवालयों तक जलाए गए दीप, हुई तुलसी मइया की विदाई 

आजमगढ़: भारतीय संस्कृति और परंपरा सबसे निराली है। खासतौर से कार्तिक माह को लें, तो हर दिन त्योहार। प्रारंभ तुलसी पूजा और आकाश दीप से होती है तो विदाई भी दीपदान और तुलसी मइया की विदाई से। कार्तिक पूर्णिमा को कुछ ऐसा ही दिखा। घरों से लेकर देवालयों में तुलसी मइया को माला-फल, नए वस्त्र व हलवा-पूरी अर्पित कर विदाई दी गई, तो शाम होने के साथ देव दीपावली मनाई गई। आस्था अपार दिखी तो नदी और सरोवर के घाटों पर दीपों का हार पहनाया गया। किनारे दीपों की रोशनी से नहा उठे, तो जल में उसका अक्श बता रहा था कि गंगा मइया ने दीपदान स्वीकार कर लिया है। इस दौरान बच्चों ने जमकर आतिशबाजी कर त्योहार की खुशियां मनाईं। शहर में तमसा नदी के गौरीशंकर घाट, कदम घाट पर हजारों दीप जलाए गए। नदी के तीरे दीपों की लौ से ऐसा लग रहा था जैसे आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। दीप जलते ही सेल्फी लेने की होड़ मच गई। उधर कुछ स्थानों पर तुलसी विवाह और दीपदान कर तुलसी मइया को विदाई दी गई। आसपास के मंदिरों में भी दीपदान किया गया, तो घरों में लगाए गए पेड़-पौधों के चबूतरों को भी अच्छी तरह सजाया गया था। घाट पर दीपों की रोशनी से अद्भुत छटा बिखर रही थी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment