पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप,पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र के डीहवाबारी गांव निवासी अशोक तिवारी (52) का सोमवार की सुबह दूसरे गांव की सरहद पर गेहूं के खेत में शव बरामद हुआ। मृतक की पत्नी ने जमीन विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुटी है। डीहवाबारी (पिपरी) गांव निवासी अशोक तिवारी रविवार की रात रोज की भांति अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद सोने चले गए। सोमवार की सुबह दूसरे गांव के सिवान में गेहूं के खेत में उनका शव देखा गया। इसकी सूचना क्षेत्र के दमदीयावन गांव के प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, जो जिधर से सुना उधर से घटनास्थल पर पहुंचने लगा। घटनास्थल पर काफी संख्या महिला और पुरुष एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। लोगों का कहना है कि अशोक तिवारी बहुत ही सीधे और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। इनके पास दो लड़के और तीन लड़कियां थीं। मृतक की पत्नी सरोज तिवारी रो-रो कर बेहोश हो जा रही थीं। पत्नी ने जमीन विवाद में पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं इस मामले में एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं हैं , शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जैसा रिपोर्ट में आयेगा उस आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment