.

.
.

आजमगढ़: छोटी सरयू किनारे रामायण कालीन 55,555 पौधों का हुआ रोपण



जिले में 48.75 लाख पौधरोपण कर वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2023 का शुभारम्भ हुआ

आजमगढ़ 22 जुलाई-- प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के अन्तर्गत आज वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2023 का शुभारम्भ कराते हुए जनपद में 48.75 लाख विभिन्न प्रजाति के वृक्षों का पौधरोपण कराया गया।
इसी कड़ी में जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उक्त अवसर पर जनपद के उत्तरी भाग में स्थित छोटी सरयू नदी, जो पौराणिक महत्व की नदी है एवं जिसका जीर्णोद्वार मनरेगा योजनान्तर्गत कराया जा रहा है, यह नदी भगवान राम के वन-गमन के पथ से जुड़ी हुई है। छोटी सरयू नदी के किनारे विधानसभा क्षेत्र गोपालपुर एवं सगड़ी के अन्तर्गत पड़ने वाले विकास खण्ड कोयलसा महराजगंज, बिलरियागंज, डरैया एवं अजमतगढ़ के कुल 57 ग्राम पंचायतों में पड़ने वाले क्षेत्र में रामायण कालीन 55555 पौधों का रोपण कराया गया, जो कि वल्र्ड रिकार्ड इण्डिया द्वारा अपने अभिलेखों में विश्व रिकार्ड के रूप में दर्ज किया गया है। जिस पर वृक्षारोपण जन आंदोलन-2023 के अंतर्गत आज छोटी सरयू के किनारे स्थित ग्रामों के ग्राम प्रधानों के सहयोग से 55555 पौधारोपण कर विश्व रिकॉर्ड बनने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया के प्रतिनिधि द्वारा जिलाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। इसी के साथ ही ग्राम प्रधानों को भी प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त पर्यावरण व जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिये जनपद के अन्तर्गत क्रियाशील समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सभी विभागों के कार्यालयों के अधिकारियों/कर्मचारियों, जिनकी कुल संख्या 424551 है, को आज पूर्वान्ह 09 बजे से 12 बजे के मध्य एक साथ शपथ दिलायी गयी कि उनके द्वारा पौधरोपण अभियान का हिस्सा बनकर प्रतिवर्ष 01 बिरवा अवश्य लगाया जायेगा एवं उसकी उचित देखभाल तथा संरक्षण भ्रातृभाव से किया जायेगा। साथ ही पर्यावरण व जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिये अपने दैनिक जीवन में हर सम्भव परिवर्तन लाये जाने और अपने परिवार, मित्रों व अन्य लोगों को भी पर्यावरण रक्षा के अनुकूल स्वभाव अपनाने एवं व्यवहार करने के लिये सतत रूप से प्रेरित किया जायेगा। वन एवं वन्यप्राणियों को स्वयं हानि नहीं पहुंचाया जायेगा, अन्य लोगों को भी हानि पहुंचाने से रोकने का प्रामाणिक प्रयास किया जायेगा। नीर, नदी, नारी का सम्मान करते हुए सम्पूर्ण प्राकृतिक संसाधनों का मितव्ययिता पूर्वक उपयोग किया जायेगा, इस शपथ कार्यक्रम के माध्यम से जनपद के कर्मचारियों, युवाओं तथा छात्र-छात्राओं में पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति चेतना उत्पन्न होगी। यह शपथ कार्यक्रम भी उपरोक्त संस्था के द्वारा अपने अभिलेखों में विश्व रिकार्ड के रूप में दर्ज किया गया है। इस प्रकार जनपद के लिये आज का दिन अत्यन्त ही ऐतिहासिक रहा जब एक साथ 02 विश्व रिकार्ड जनपद के निवासियों एवं कर्मचारियों द्वारा बनाये जाने का सफल प्रयास किया गया ।
इन सभी कार्यक्रमों में श्रीप्रकाश गुप्ता मुख्य विकास अधिकारी, संजय कुमार सिंह जिला विकास अधिकारी आजमगढ़ एवं लोक दायित्व सामाजिक संस्था के संयोजक श्री पवन कुमार सिंह द्वारा अपनी अहम भूमिका का निर्वहन किया गया।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाने में खण्ड विकास अधिकारी, प्रमुखगण, प्रधानगण, क्षेत्रीय अधिकारियों/कर्मचारियों की विशेष सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए जन आन्दोलन के रूप में जनपद में वृहद वृक्षारोपण, छोटी सरयू नदी के किनारों पर रामायण कालीन वृक्षों का पौधरोपण एवं पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति वृहद स्तर पर शपथ-ग्रहण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment