.

.

.

.
.

आजमगढ़: नफीस को छोड़ बाकी विधायक हुए अग्नि परीक्षा में फेल


नौ बार के विधायक दुर्गा प्रसाद भी नहीं सहेज सके वोट

मुबारकपुर में बसपा प्रत्याशी को मिला सर्वाधिक मत

आजमगढ़ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के कारण हुए उपचुनाव और परिणाम ने पांच विधायकों की मेंहनत पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। उपचुनाव की अग्नि परीक्षा में गोपालपुर के विधायक नफीस अहमद को छोड़ सभी फेल साबित हुए। यहां तक कि नौ बार के सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव भी अपने वोटों को सहेज नहीं सके। वैसे तो सभी दलों के सामने सीट हासिल करने की चुनौती थी, लेकिन सपा के धर्मेंद्र यादव के साथ पार्टी के पांच विधायकों की भी प्रतिष्ठा सीधे तौर पर जुड़ी थी। कारण कि लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में सपा के ही विधायक चुने गए हैं। पांच विधानसभा में सपा को सर्वाधिक 4,35,993 वोट हासिल हुए थे, जबकि 3,29,883 वोटों के साथ भाजपा दूसरे स्थान पर रही । इस बार भाजपा ने मुख्यमंत्री की सभाओं के बल पर आंकड़ा बढ़ा लिया, लेकिन सपा पीछे रह गई। विधानसभा चुनाव परिणाम पर गौर करें तो आजमगढ़ सदर में सपा के दुर्गा प्रसाद यादव को सर्वाधिक 100813 मत हासिल हुआ था।इसके अलावा सगड़ी में सपा के हृदय नरायन सिंह पटेल को 83093, गोपालपुर में सपा के नफीस अहमद को 84401, मुबारकपुर में सपा के अखिलेश यादव को 80726 तथा मेंहनगर (सुरक्षित) सीट पर सपा की पूजा सरोज ने 86960 मत हासिल करके सबको पीछे छोड़ दिया था। हालांकि विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी हर जगह भाजपा की स्थिति पहले से बेहतर रही। आजमगढ़ सदर में भाजपा के अखिलेश कुमार मिश्र को 84777, सगड़ी में बंदना सिंह को 60578, गोपालपुर में सत्येंद्र राय को 60094, मुबारकपुर में अरविंद जायसवाल को 51623 तथा मेंहनगर में मंजू सरोज 72811 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। बसपा की स्थित विधानसभा चुनाव में पहले से कमजोर रही और उसे सभी विधानसभा सीटों पर तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था।आजमगढ़ सदर में बसपा के सुशील कुमार सिंह को 39281,सगड़ी में शंकर यादव को 41006, गोपालपुर में रमेश चंद यादव को 45211, मुबारकपुर में अब्दुस्लाम को 48734 तथा मेंहनगर (सुरक्षित) में पंकज कुमार 50173 मत ही हासिल कर सके। इस प्रकार अनुमान लगाया जा रहा था कि सपा विधायक अगर खुद के हासिल वोट को भी सहेज लेंगे, तो उप चुनाव में सीट जाने से बच जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उपचुनाव में विधानसभावार पड़े वोटों पर नजर डालें तो गोपालपुर में सपा को सर्वाधिक 61150 वोट हासिल हो सके। सगड़ी में 53059 वोट के साथ सपा दूसरे स्थान पर रही। मुबारकपुर में तो सबसे ज्यादा 67849 वोट हासिल कर बसपा पहले नंबर पर थी। आजमगढ़ सदर के नौ बार के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के रहते सपा को मात्र 68579 मत मिला और वह दूसरे नंबर पर थी। मेंहनगर की विधायक पूजा सरोज भी अपने वोटों को सहेज नहीं पाईं और यहां भी भाजपा जीत गई।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment