अब गरीबों का राशन भी बंद किया तो श्रीलंका जैसा होगा हाल
सीएम को अब समझ आया कि उनके कार्यकर्ता दलाली भी करते हैं - सपा मुखिया
आजमगढ़ : पूर्व मंत्री एवं घोसी (मऊ) विधायक दारा सिंह चौहान की मां उमराई देवी के त्रयोदशाह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर के भाजपा में जाने की चर्चा पर कहा कि यह भाजपा के लोग कह रहे हैं। वह सपा के साथ हैं, इसीलिए गाजीपुर में उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ और उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। तंज कसा कि मुख्यमंत्री को अब समझ आया कि उनके कार्यकर्ता दलाली भी करते हैं। कहा कि सांसदीय उपचुनाव में सबकी सहमति से प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। अखिलेश यादव गेलवारा गांव में बुधवार को दिन में सवा दो बजे पहुंचे। आजम खां के मामले में कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही जेल से छूटेंगे। सरकार पर तोहमत मढ़ी कि शिकंजा कसने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों पर मुकदमा करा रही है। सुप्रीम कोर्ट के राज्यों को अपने स्तर से देशद्रोह का मुकदमा न करने की सलाह पर कहा कि इसका दुरुपयोग भाजपा कर रही है। किसान सम्मान निधि घोटाले की जांच के सवाल पर कहा कि सरकार के पास बजट नहीं है, इसलिए जांच का बहाना खोजी है। सरकार गरीबों और अपने विरोधियों में बुलडोजर का खौफ पैदा करना चाहती है। कानपुर में सब्जी बेचने वाले का घर गिरा दिया गया। मुबारकपुर (आजमगढ़) के अशरफिया कालेज की बाउंड्री गिरा दी गई, जबकि तमाम भाजपा नेताओं के घर बिना नक्शा के तने पड़े हैं। जिस थाने में किशोरी संग दुष्कर्म हुआ उसे भी गिराना चाहिए। सरकार अब गरीबों का राशन भी बंद करने की योजना बना रही है। जिस दिन ऐसा हुआ श्रीलंका जैसी स्थिति होगी, क्योंकि आढ़तियों के जरिए पांच कंपनियों ने गेहूं खरीदी है। ज्ञानवापी सर्वे के बारे में कहा कि सरकार जानबूझकर समाज में खाई पैदा करना चाहती है। कहा कि आज चर्चा गरीबी और बेरोजगारी पर होनी चाहिए, लेकिन बुलडोजर की बात की जा रही है। देश कानून से चलेगा, बुलडोजर से नहीं। उन्होंने चुनाव में भितरघात के सवाल पर कहा कि पैसे के बल पर भाजपा ने कराया है। विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए जनपद के लोगों को बधाई दी। स्वामी प्रसाद मौर्य, विधायक दुर्गा यादव, संग्राम यादव समेत सभी विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, चंद्रदेव राम करैली इत्यादि रहे।
आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
Blogger Comment
Facebook Comment