आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के असोना गांव के पोखरे में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे चार दिन से लापता युवक का शव मिलने से लोग सन्न रह गए। स्वजन में कोहराम मच गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है। युवक की 12 मई को शादी होनी थी। उसी गांव के अखिलेश यादव (29) पुत्र सिधारी यादव शुक्रवार की सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। दोपहर तक वापस नहीं आने पर स्वजन परेशान होकर इधर-उधर तलाश में जुट गए। उसके दोस्तों के साथ ही रिश्तेदारी में भी पता किए। इसके बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार की सुबह गांव के कुछ युवक पोखरे में मछली मारने के लिए गए हुए थे। पानी में उतराया हुआ शव देखकर शोर मचाने लगे। इस पर काफी संख्या में लोग जुट गए। शव की शिनाख्त अखिलेश के रूप में हुई तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को बाहर निकाला। अखिलेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी 12 मई को होने वाली थी।
Blogger Comment
Facebook Comment