एसपी अनुराग आर्य ने सलामी ली,बढ़ाया जवानों का उत्साह
आजमगढ़: गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड को सोमवार की सुबह पुलिस लाइन में जवानों ने फाइनल टच दिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने परेड की सलामी ली। उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाया। राष्ट्रीय पर्व के दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए पुलिस अधिकारी व जवान कई दिनों से जुटे हैं। इसके लिए पुलिस लाइन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। एक पखवारे से चल रही तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। 26 जनवरी को होने वाली परेड के लिए दारोगाओं के नेतृत्व में कई टोलियां बनाई गई हैं। इसमें सशस्त्र पुलिस, सिविल पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड व मोटरसाइकिल सवारों की टोलियां एक कतार में चलेंगी। उनके साथ बज्र वाहन, एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां होंगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस लाइन में रंग-रोगन का काम कई दिनों से चल रहा था। खराब मौसम के बाद भी पूर्वाभ्यास के दौरान जवानों का उत्साह दोगुना हो गया था। वह काफी उत्साह से अपने परेड को बेहतर करने में लगे रहे। गणतंत्र दिवस पर यहां परेड के अलावा अन्य कई कार्यक्रम भी होंगे। इस मौके पर महकमे में बेहतर काम करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
Blogger Comment
Facebook Comment