.

.

.

.
.

आज़मगढ़: पहले लकड़ी जलाने में आंसू आ रहे थे अब सिलेंडर लेने में आ रहे हैं- कंछल


सपा के व्यापारी नेता पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने जिले से शुरू की व्यापारी संदेश यात्रा

आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल व्यापारी संदेश यात्रा लेकर निकले हैं।जनपद की धरती से ही उन्होंने शुरुआत की है।आठ चरणों की यात्रा की शुरुआत आज़मगढ़ से करते हुए भाजपा सरकार को उखाड़ फेकने का व्यापारियों से अपील किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में मंहगाई के ग्राफ से रंक से लेकर राजा तक की कमर तोड़ रखी है। वर्ष 2017 में गैस सिलेंडर लगभग 500/ रूपये का था जो अब 900/ रूपये का हो गया। पहले लकड़ी जलाने में आंसू आ रहे थे अब सिलेंडर खरीदने में आंसू आ रहे हैं। डीजल और पेट्रोल का दाम सैकड़ा छू रहा है। स्कूटर पर बैठने से पहले आज हर आदमी को अपनी जेब देखनी पड़ रही है। इसी प्रकार सभी प्रकार के खाने वाले तेलों में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। आटा, चीनी, दाल लोगों को प्रतिदिन रुला रहे हैं। वर्तमान सरकार नौजवानों को रोजगार देने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। वर्ष 2020 और 2021 में लाकडाउन के दौरान व्यापारियों को अपनी दुकानें और गोदाम लगभग 150 दिन बंद करने पड़े थे जिससे उनका बहुत सा माल खराब हो गया और व्यापार में भारी नुकसान हुआ। सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को तो आर्थिक पैकेज दिया परन्तु व्यापारियों को कोई पैकेज नहीं दिया। मामूली बातों पर व्यापारियों के खिलाफ एफ.आई.आर. भी थोपी गयी। व्यापार सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी ने उद्योग और व्यापार पर बहुत बुरा असर डाला है। एक हजार का नोट बंद करके दो हजार का नोट चलाना कौन सी अक्लमंदी थी यह समझ से परे। जीएसटी की पांच दरों ने व्यापारियों का व्यापार करना मुश्किल कर दिया है। जीएसटी की 28 प्रतिशत की दर खून के आंसू रुला रही है। व्यापारियों का मुनाफा पहले से कम हो गया है। लागत काफी बढ़ गयी है। इसलिए मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि यह सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। वर्तमान सरकार में किसान आठ माह से धरने पर बैठा हुआ है किसान आंदोलन में 700 से अधिक किसान मर चुके हैं। वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश में 1900 कंपनियां बंद हो गयीं हैं। इससे सैकड़ों करोड़ रुपयों का रोज नुकसान हुआ और लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यापार सभा ने बताया कि वर्तमान सरकार कोई भी विकास कार्य जमीन पर नहीं दिखाई पड़ रहा है। मंहगाई, बेरोजगारी में बढ़ोत्तरी हुई है। सपा सरकार ने व्यापारियों के हित में जितने कार्य किये हैं उतने किसी सरकार ने नहीं किये। समाजवादी पार्टी की पिछली चार सरकारों ने चुंगी, तहबाजारी, इंस्पेक्टरराज, लाइसेंसराज के अत्याचारों को खत्म किया था।धारा 3/7 का काला कानून स्थगित कर इस कानून के हजारों मुकदमें वापिस लिये थे। पचासों वस्तुओं पर बिक्रीकर खत्म किया था। समाजवार्दी पार्टी के पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने कहा कि वर्ष 1989-1991, 1993-1995 और 2003-2007 के बीच मुलायम सिंह यादव की सरकार ने अधिकांश वस्तुओं पर टैक्स की दरें दिल्ली के बराबर कर दी थीं। दुर्घटना बीमा की नई सौगात दी थी। फार्म-49 और फार्म-26 की जहमत से व्यापारियों को निजात दिलाई थी। कई चीजों पर प्रवेश कर समाप्त किया था। टेन्ट, सर्राफा व्यवसाय और ईंट भट्ठों के कारोबार में समाधान योजना लागू करके व्यापारियों को खुशहाल बनाया था। इस अवसर पर व्यापारी नेता मनोज बरनवाल 'चुनमुन' एवं पद्माकर वर्मा भी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment