आजमगढ़ : भीषण बारिश के थमने के बाद कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटो में एक दर्जन कच्चे मकान और धराशायी होने से गृहस्थी के लाखों के सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गए, तो वहीं एक व्यक्ति दबकर घायल हो गया। जहानागंज क्षेत्र के अभिलाषण गांव में सिरताजी देवी का मकान शुक्रवार की शाम गिरने से उसमें रखा सारा सामान नष्ट हो गया। उस समय वह पड़ोसी के घर किसी काम से गई थीं। घर गिरने के बाद खुद के साथ पशुओं को रखने की समस्या खड़ी हो गई है। फूलपुर तहसील के जागापुर में चिलरू और निजामपुर में श्यामदेव का कच्चा मकान गिरा।वहीं माहुल नगर के वार्ड संख्या चार में विजय प्रकाश पांडेय मकान ध्वस्त हो गया। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पवई में वीरेंद्र और उनके भाई सुरेंद्र कुमार तिवारी का कच्चा मकान गिर गया। दोनों भाई समाचार पत्र बेचते हैं। खरांटी गांव में मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर हौसला प्रसाद चौहान घायल हो गए। उन्हें कोटिला स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। भवतर गांव में मधुबन यादव का कच्चा मकान गिर गया। उस समय उनके पुत्र रोहित, मोहित और पत्नी फूला देवी बाहर बैठकर आपस में बात कर रही थीं। पीड़ित ने डेढ़ लाख से अधिक का नुकसान बताया है। खरहति गांव में सूर्यभान का मकान गिरने से 70 हजार का नुकसान हुआ। बारिश ने गांव की लीला को भी बेघर कर दिया। मलबे में दबकर सारा सामान नष्ट हो गया।
Blogger Comment
Facebook Comment