एमएलसी की पत्नी के साथ ही पूर्व सांसद रमाकांत यादव के भाई की पुत्रवधु भी सपा प्रत्याशी
आजमगढ़.: जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब सपा ब्लाक प्रमुख पद के लिए भी अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिये है। सपा ने रविवार को ब्लाक प्रमुख की दस सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किया। पूर्व सांसद रमाकांत यादव जहां अपने भाई की पुत्रवधू को टिकट दिलाने में सफल रहे हैं वहीं एमएलसी की पत्नी भी चुनाव मैदान में ताल ठोकती नजर आएंगी। बता दें कि जिला पंचायत की तरह ही सपा का क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। जिले में अब क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की 22 सीटों के लिए चुनाव होना है। इसमें ज्यादातर सीटों पर सपा और बसपा का दावा मजबूत माना जा रहा है। कारण कि पिछले चुनाव में बाहुबली रमाकांत यादव के साथ होने के बाद भी बीजेपी को सिर्फ 3 सीटें मिली थी। इस बार चुनाव में रमाकांत यादव सपा के साथ हैं। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए सपा ने सबसेे पहले अपने पत्ते खोल दिये हैं। पार्टी ने रविवार को दस सीटों के लिए उम्मीदवार की घोषणा की। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए बताया कि अहरौला ब्लाक से श्रीमती आशा देवी पत्नी स्व. विजय बहादुर यादव, अतरौलिया से चन्द्रशेखर यादव, कोयलसा से महेन्द्र यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी तरह महराजगंज ब्लाक में एमएलसी राकेश यादव की पत्नी श्रीमती आशा देवी तथा फूलपुर में पूर्व सासंद रमाकांत यादव के भाई की पुत्रवधू पूर्व प्रमुख अर्चना यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। पिछले चुनाव में अर्चना भाजपा की तरफ से प्रमुख चुनी गयी थी। इसी तरह बिलरियागंज ब्लाक में श्रीमती गीता यादव पत्नी दिनेश यादव, मार्टिनगंज में शिवओम यादव, लालगंज में मनोज कुमार सरोज, जहानागंज में श्रीमती वीनस चौधरी तथा मेंहनगर में श्रीमती शशीकला पत्नी पन्नालाल को प्रत्याशी बनाया गया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले की बची हुई 12 सीटों के लिए पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। दावा किया कि ज्यादातर सीटों पर सपा का जीतना तय है।
Blogger Comment
Facebook Comment