आजमगढ़ : जनपद के फूलपुर व अतरौलिया थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जहां मौत हो गई वहीं दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए संबंधित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरायमीर थाना क्षेत्र के ओहदपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र प्रजापति पुत्र बहरैती व इसी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राम सेवक चौहान गांव के एक व्यक्ति के दाह संस्कार के लिए बुधवार की शाम को दुर्वासा धाम पर गए थे। वहां से वे दोनों रात में लगभग आठ बजे बाइक पर सवार होकर वापस घर आ रहे थे। रास्ते में पुजारीगंज के समीप पहुंचे थे। उसी दौरान ट्रक से बाइक में धक्का लग गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेस से दोनों को जिला अस्पताल भेजवा दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही राजेंद्र की मौत हो गयी। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृत व्यक्ति के छह पुत्रियां हैं। वह प्राइवेट वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वहीँ अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन नंदना गांव निवासी 50 वर्षीय टिल्ठू पुत्र झपसी अपने पुत्री की शादी सम्पन्न होने के बाद गुरुवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे के करीब टेंट हाउस पर सामान वापस करने जा रहा था। बहेलिया पार गांव के मोड़ पर ट्रैक्टर का अगला चक्का फिसल कर सड़क के किनारे बने गड्ढे में आ गया। इससे टैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और टिल्ठू गड्ढे में जा गिरा। इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार 28 वर्षीय मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को स्थानीय लोगों ने अतरौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। गंभीरावस्था में मोहन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की टिल्ठू की बेटी सोनी की 25 जून को शादी थी। मृतक के पास चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। मृतक की पत्नी तारा देवी का रो रो कर बुरा हाल है।
Blogger Comment
Facebook Comment