रिपोर्ट: अब्दुल्लाह शेख :: शाहगढ़ :आज़मगढ़: विकास खण्ड सठियांव के तहत आने वाली 84 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत कुल 147 राजस्वग गांवों की संख्या है प्रत्येक राजस्व गांव में सफाई कर्मियों की नियुक्ति किये जाने का प्रावधान है। इसमें कुछ एक राजस्व गांवों में अभी भी सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जानी है। वर्तमान में कुल सफाई कर्मियों की संख्या 256 है। इनमें से अधिकतर सफाई कर्मी प्रत्येक माह सरकार से वेतन के रूप में मोटी धनराशि लेते हैं, लेकिन सफाई शायद ही कभी करते हैं। वे प्रायः दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों से मौज करते देखे जाते हैं। जब कभी शासन प्रशासन की ओर से कड़ाई की जाती है तो ये सरकारी सफाई कर्मी भाड़े के सफाई कर्मियों को लाते हैं और उन्हीं से सफाई करवाते हैं। यह तमाम बातें क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहती हैं, इस बाबत विभिन्न माध्यम से शासन और प्रशासन को अनेकों बार अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन मामला ज्यों का त्यों बना हुआ है। ग्राम पंचायत उदयभानपुर हुसैनाबाद में जब विभागीय सख्ती हुई तो वहां स्थित एक नाले की सफाई, सरकारी सफाई कर्मियों ने भाडे़ के मजदूरों से कराई गयी । इस संबंध में बीडीओ राजीव कुमार वर्मा ने बताया यह हमारे कर्मचारी नहीं हैं, इनकी नियुक्ति डीपीआरओ के यहां से होती है। यदि मामला सही है तो हम इसकी जांचोपरांत आख्या डीपीआरओ को प्रेषित करेंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment