आजमगढ़। कुरैशी समाज का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को नामित सभासद शहजाद कुरैशी के नेतृत्व में मंडलायुक्त से मिला और नगर के पहाड़पुर स्थित बड़ा वधशाला लाइसेंस का नवीनीकरण नगर पालिका परिषद द्वारा न किये जाने के मामले से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। मंडलायुक्त को दिये गये ज्ञापन में कुरैशी समाज ने बताया कि नगर के पहाड़पुर में वधशाला है। वधशाला राज्य स्तरीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ के मानक को पूरा करते हुए कई वर्षो से सुचारू रूप से संचालित होता चला आ रहा है। मानक को देखते हुए पूर्व में नगर पालिका द्वारा लाइसेंस का नवीनीकरण स्वतः किया जाता रहा हैं लेकिन 2013 से नवीनीकरण नहीं किया गया और ना ही इस पर कोई आपत्ति दर्ज करायी गयी। वर्तमान सरकार द्वारा अवैध बूचड़खाना बंद करने का आदेश दिया गया, इसके बाद हमने ने तत्परता दिखाते हुए खुद ही वधशाला के लाइसेंस के नवीनीकरण को लेकर नगर पालिका से कई बार मिले लेकिन पहाड़पुर वधशाला के लाइसेंस को लेकर उनके द्वारा न ही कोई आपत्ति दर्ज करायी जा रही है और न ही लाइसेंस नवीनीकरण किया जा रहा है। जबकि पहाड़पुर स्थित वधशाला मानक के अनुरूप सभी 14 बिन्दुओं को पूरा करता हैं इसके बावजूद लाइसेंस नवीनीकरण न करने से हमें आजीविका हेतु बेहद कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। कुरैशी समाज का मुख्य पेशा वधशाला के जरिये ही है, ऐसे में हमारे घर के चूल्हें भी नहीं जल पा रहे है, यहीं नहीं बच्चों की शिक्षा-दीक्षा भी आर्थिक तंगी के चलते रूक गया है। हमने उपरोक्त विषयों को लेकर नपा प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिया लेकिन हमें इस बावत सही जानकारी से भी अवगत नहीं कराया जा रहा है। कुरैशी समाज ने मंडलायुक्त से उपरोक्त बिन्दुओं पर विचार करते हुए न्याय संगत कार्यवाही करते हुए नगर पालिका अधिशासी को इस सन्दर्भ में निर्देशित करने की गुहार लगायी। ज्ञापन सौंपने वालों में सेराज अहमद कुरैशी, एहसान अहमद, इजहार कुरैशी, इमलाख कुरैशी, अंसारूल कुरैशी, एकलाख कुरैशी, अजहरूद्दीन कुरैशी, मुन्ना कुरैशी, एनुलहक कुरैशी, अबुल हसन, मजहर कुरैशी, नबी अहमद आदि सहित कुरैशी समाज के लोग मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment