.

.

.

.
.

खटारा साइकिल पर सवार राहुल ,हाथी खा रहा है नोट, बनेगी भाजपा की मजबूत सरकार- राजनाथ सिंह


आजमगढ/देवगांव। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरूवार को लालगंज विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा की खटारा साइकिल पर सवार राहुल गांधी चुनाव मैदान में है उनकी तो खाट जनता ने तो पहले ही खड़ी कर दी है। प्रदेश की जनता परिवर्तन के मूड में है व भारतीय जनता पार्टी की मजबूत सरकार बनायेगी ताकि प्रदेश का विकास तेज़ गति से हो सके। उन्होने कहा मुलायम सिंह ने तो साइकिल को पहले ही पंचर कर दिया था उनके भाई शिवपाल ने साइकिल की चैन निकाल ली है। 27 साल यूपी बेहाल नारे के साथ राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में खाट पंचायते की और जनता के रूख को पहचान कर साइकिल की सवारी शुरू कर दी है। लालगंज कस्बे के राम जानकी मैदान में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हुंकार भरते हुए कहा बसपा का हाथी रूपया नही खायेगा पीपल की पत्तियां आदि खां कर जिंदा रहता है। लेकिन मायावती नोटो से उसे जिंदा रखना चाहती है। उन्होने बार बार सपा,बसपा के सरकारों पर प्रदेश के विकास में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा जाति पात सम्प्रदाय के मतो के सहारे सरकार पर कब्जा करने वाले इन दलों के लोगो को जनता की दूश्वारियों से कुछ लेना नही है। केवल अपने और परिवार के विकास के लिए वे सत्ता पर काबिज होते है। उन्होने कहा 2014 के चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को बहुमत देकर भारत की तकदीर बदल दी है और आज भारत दुनिया के विकसित देशोे की श्रेणी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारत अपने पडोसियों से बेहतर सबंध रखना का प्रयास करता है परन्तु पाकिस्तान अपनी हरकतो से बाज नही आता है उसे भारतीय सेना मुंह तोड़ जवाब दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अनेक देशों के साथ संबध बेहतर हुए है और मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत भारत में उद्योगो को तेजी से बढावा मिल रहा है। उन्होने कहा देश में नौजवानों को रोजगार मिल रहे है उनमे कौशल का विकास हो रहा है भाजपा शासित राज्यों में तेजी से विकास हुआ है। वे बीमारू राज्यों की श्रेणी से उपर उठ गये है। बिजली,पानी,सड़क की बेहतर व्यवस्था हुई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही छोटे किसानों के फसली ऋण माफ कर दिये जायेगें वही उन्हे शून्य ब्याज पर ऋण मुहैया कराये जायेंगे। गन्ना किसानों के गन्ना मुल्य तत्काल भुगतान कराया जायेगा। उन्होने कहा कि कभी सपा बसपा की सरकार में किसानों को यूरिया के लिए रात रात भर लाइने लगनी पड़ती थी और पुलिस की लाठी भी खानी पड़ती थी लेकिन केन्द्र में भाजपा की सरकार बनते ही पूरे देश में किसानों को उर्वरक के लिए परेशान नही होना पड़ा और नही लाइनों में खड़े होकर पुलिस के डंठे खाने पड़े। भाजपा की सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश में विकास के कार्य तीव्र गति से होगे। गुंडे,माफिया,अपराधी जेलो में होगें या प्रदेश छोड़कर भाग जायेगें। नौजवान लड़कियों को स्नातक तक की निशुल्क शिक्षा मिलेगी और इंटर पास कर 50 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वालों युवको को स्नातक तक की निशुल्क शिक्षा मिलेगी। विद्यार्थियों को डीजीटल बनाने के लिए एक साल तक के लिए वन जीबी डाटा प्रतिमाह के साथ धर्म,मजहब,जाति बगैर भेदभाव किये लैपटाप दिया जायेगा। उन्होने किसानों,मजदूरो,नौजवानों व समाज के दलित वर्ग के लोगो के कल्यार्ण और तरक्की के लिए अनेक योजनाआें की शुरूआत होगी। जिससें प्रदेश तरक्की करते हुए खुशहाल व सम्पन्न हो जाये। उन्होने कहा सत्ता में आते ही अवैध कत्ल खानों को बंद कर प्रदेश में गो वंश का सरंक्षण होगा और प्रदेश में दूध,दही घी की नदिया बहेगी लोग स्वस्थ और खुशहाल जीवन व्यतित कर सकेंगे। गृहमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी दरोगा प्रसाद सरोज के साथ सहयोगी दल भासपा के मेहनगर प्रत्याशी मंजू सरोज साहित जिले के दसों विधान सभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों को विजय बनाने का आग्रह किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय तथा संचालन ऋषि कांत राय ने किया।


Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment