आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त
आजमगढ़: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर अपर मुख्य अधिकारी वर्तिका त्रिपाठी और पीओ डूडा डॉ. महेंद्र प्रसाद का वेतन रोकने का निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने सर्वाधिक शिकायतों वाले राजस्व, विद्युत, पंचायती राज, ग्राम्य विकास और खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर निस्तारण आख्या अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए। सगड़ी, फूलपुर, सदर, बूढ़नपुर और लालगंज तहसीलों में अधिक शिकायतों को देखते हुए संबंधित नायब तहसीलदारों को गांवों में जाकर मामलों की समीक्षा करने को कहा। विद्युत विभाग में अधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एक्सईएन विद्युत को जेईवार रिपोर्ट लेकर प्रत्येक मामले की समीक्षा करने और शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही समाधान की पुष्टि करते हुए प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता के असंतुष्ट रहने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद करने और असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों में मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों से बार-बार शिकायतें मिल रही हैं, वहां समस्या के मूल कारण की पहचान कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि एक ही तरह की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकता वाला पोर्टल है। सभी अधिकारी नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, डीसी एनआरएलएम डॉ. आराधना त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment