.

आजमगढ़: राजभवन की क्लास में मिल रही बच्चों के सपनों को उड़ान



स्कूल की छुट्टी के बाद तीन घंटे और हर अवकाश के दिन अपने घर पर देते हैं मुफ्त कोचिंग

सरकारी शिक्षक कराते हैं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा संग नवोदय में प्रवेश की तैयारी

आजमगढ़: आमतौर पर कोई भी सरकारी कर्मचारी केवल अपने हक की आवाज उठाता है, लेकिन यहां तो एक सरकारी शिक्षक का कुछ अलग ही विचार है। उनका मानना है कि शिक्षक का अर्थ सही मायने में भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्जवल बनाने के साथ उनके सपनों को उड़ान देना होता है। अवकाश के दिनों में भी बच्चों के बिना अच्छा नहीं लगता। यहां तक कि स्कूल की दो बजे छुट्टी के बाद भी घर में बैठना ठीक नहीं समझता। बात हो रही है तहबरपुर शिक्षा क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गोविन्दपुर के सहायक अध्यापक/ प्रभारी प्रधानाध्यापक राजभवन राम की। परिषदीय विद्यालय में वैसे तो नियुक्ति वर्ष 1999 में हुई, लेकिन गोविन्दपुर में अगस्त 2007 से कार्यरत हैं। विगत चार वर्षों से जुलाई से लेकर नवम्बर माह तक राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के साथ नवोदय में प्रवेश के लिए स्कूल की छुट्टी के बाद दो से शाम पांच बजे तक और अवकाश के दिनों में अपने निजी आवास ग्राम करियावर पर सुबह नौ बजे से दोपहर बारह बजे तक तैयारी कराते हैं। यही नहीं, बल्कि कक्षा छह से लेकर आठ तक परिषदीय विद्यालय में अध्ययन करने वाले सभी वर्ग के गरीब बच्चों को अतिरिक्त क्लास देते हैं। इसी में कक्षा छह में नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों की भी तैयारी करायी जाती है। उनके इस कार्य से प्रेरणा लेकर कुछ अन्य शिक्षक भी सहयोग करने लगे हैं।
बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ही होना चाहिए मकसद
शिक्षक राजभवन कहते हैं कि पहले अवकाश के दिनों में समय नहीं बीतता था। लगता था कि बच्चों से अलग हो गया हूं। फिर मुझे लगा कि क्यों न अवकाश के दिनों को भी बच्चों के साथ व्यतीत किया जाए। यही सोचकर घर पर क्लास शुरू की। उद्देश्य यह है कि गरीब और कमजोर घर-परिवार के बच्चे भी पढक़र अच्छे ढंग से प्रतियोगितात्मक परीक्षा में भाग लें और उनके चेहरे पर भी सफलता की मुस्कान दिखे। सभी का यही मकसद होना चाहिए।
तीन सत्रों में इतने बच्चों को मिल चुकी है सफलता
सत्र 2025-26 में राजभवन की क्लास में तैयारी करने वाले कम्पोजिट विद्यालय गोविन्दपुर के 9 व दूसरे विद्यालय के 3 छात्रों ने परीक्षा पास की जबकि एक छात्र नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में पास हुआ। इसी प्रकार 2023-24 में 4, सत्र 2024-25 में कम्पोजिट विद्यालय गोविन्दपुर के 8 व अन्य के दो बच्चों को सफलता मिली थी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment