सीसीटीवी कैमरा मोड़ कर स्ट्रीट लाइट काटी, 35 लाख के जेवर ले गए चोर
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स में गुरुवार रात चोरों ने शटर तोड़कर करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। वारदात से पहले चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को दूसरी तरफ मोड़ दिया और स्ट्रीट लाइट के तार काटकर पूरे क्षेत्र में अंधेरा कर दिया। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर खलबली मच गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फरिहा बाजार निवासी पवन कुमार गुप्ता की बलिया -लखनऊ मार्ग पर ओम ज्वेलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार रहता है। गुरुवार रात वह दुकान बंद कर परिवार के साथ ऊपर सोने चले गए। देर रात चोर दुकान के पास पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को नीचे की ओर कर दिया। इसके बाद सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट के तार काट दिए, जिससे दुकान के आसपास अंधेरा हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटने के बाद फरार हो गए। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पवन कुमार गुप्ता को दुकान का शटर टूटा मिला तो उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा था और आभूषण गायब थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के अनुसार दुकान से करीब 100 ग्राम सोने और 12 किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। चोरी गए जेवर की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। सूचना मिलते ही निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
Blogger Comment
Facebook Comment