18 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद,ग्राम प्रधान का फर्जी लेटर पैड भी मिला
आजमगढ़' सहज जन सेवा केंद्र की आड़ में ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने के आरोप में साइबर सेल और थाना मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के कब्जे से 15,630 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 18 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड, लैपटॉप, माइक्रो एटीएम मशीन, बायोमीट्रिक मशीन, मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित अनिल कुमार पुत्र सरभू राम, निवासी ग्राम जमुनीपुर, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 36 वर्ष है। उसके विरुद्ध थाना मेहनाजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 83/2026 के तहत धारा 316(2), 336(3), 341(1), 317(2) बीएनएस एवं धारा 66(सी) आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को साइबर सेल को अनिल कुमार के खिलाफ ग्रामीणों के साथ साइबर फ्रॉड और उनके बैंक खातों से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से आरोपित की लोकेशन प्राप्त हुई। मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल और मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे मोटरसाइकिल से घर जमुनीपुर की ओर जाते समय हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से उक्त बरामदगी हुई। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपित ने बताया कि सहज जन सेवा केंद्र चलाने के दौरान वह ग्रामीणों की बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद उनके बैंक खातों से धनराशि ट्रांसफर अथवा निकालने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक ग्राम प्रधान की मुहर का दुरुपयोग कर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार करने और लोगों से धोखाधड़ी करने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल के कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच के साथ संबंधित बैंक खातों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment