.

आजमगढ़: दुर्गा पूजा तैयारियों पर हुई बैठक



बिजली, सफाई, सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था पर चर्चा

आजमगढ़: आगामी दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को आर.के. गेस्ट हाउस, मुकेरीगंज में आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति की बैठक हुई। इसमें नगर की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं। बैठक में जर्जर बिजली के तारों की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन तथा प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सीओ शुभम तोंदी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। पंडालों और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा। पुलिस प्रशासन की ओर से समितियों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश एवं अन्य नगर संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका स्तर से आवश्यक सहयोग किया जाएगा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
आयोजक अरविंद मोदनवाल ने कहा कि आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति का उद्देश्य नगर की सभी पूजा समितियों को एक मंच पर लाकर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है। समय रहते बिजली, प्रकाश, सफाई, सुरक्षा और विसर्जन की व्यवस्थाएं पूरी होना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मिथुन निषाद ने भी सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। बैठक में पुजारी शरद तिवारी, महंत राजेश मिश्रा, हिमांशु राज, संतोष गुप्ता, रवि गुप्ता, सिधारी संदीप, चौहान, ऋषि गुप्ता, हर्ष सिंह, आकाश यादव, प्रताप मद्धेशिया सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment