.

आजमगढ़: ₹50 हजार का इनामी गैंगस्टर रब्बानी गिरफ्तार


मुंबई से लौटकर छिपते हुए जा रहा था कंधरापुर


आजमगढ़: बिलरियागंज पुलिस ने सोमवार को ₹50 हजार के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी को सियरहा अंडरपास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार रब्बानी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके विरुद्ध बिलरियागंज थाने में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के सात अभियोग दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक रब्बानी पुत्र फिरोज निवासी अयूब नगर कस्बा, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ महाराष्ट्र और मुंबई से वापस आया था। वह एक्सप्रेस-वे के नीचे से कंधरापुर जाने वाले रास्ते पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सियरहा अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने लगा, जिसे आवश्यक बल प्रयोग कर पकड़ लिया गया। उसकी गिरफ्तारी सोमवार सुबह करीब 6:46 बजे की गई। पुलिस के अनुसार रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ थाना बिलरियागंज में मोबाइल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 276/24, 277/24 और 278/24 दर्ज हुए थे। विवेचना के दौरान अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इन मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। आपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी और उसके साथियों के विरुद्ध 26 मई 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित किया गया था। इसके बाद थाना बिलरियागंज में मुकदमा संख्या 143/26 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(b)(1) और 3(1) में अभियोग दर्ज किया गया। रब्बानी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने पांच सितंबर को ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया था। बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के आदेश पर 16 सितंबर को पुरस्कार राशि बढ़ाकर ₹50 हजार कर दी गई। गिरफ्तार अभियुक्त रब्बानी के विरुद्ध बिलरियागंज थाने में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल सात अभियोग दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment