आजमगढ़: संगठित अपराधियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में त्रैमासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न थानों से भेजे गए गैंगेस्टर एक्ट के प्रस्तावों और गैंगचार्ट का बिंदुवार परीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैंगेस्टर एक्ट के तहत भेजे जाने वाले प्रत्येक प्रस्ताव में तथ्य, साक्ष्य और विधिक प्रावधानों का पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि न्यायालय में कार्रवाई मजबूत और टिकाऊ साबित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव भेजने से पहले सभी आवश्यक अभिलेख और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि गैंगेस्टर एक्ट के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। गैंगचार्ट तैयार करते समय प्रत्येक तथ्य का गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा संगठित अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो। बैठक में गैंगेस्टर एक्ट के लंबित मामलों, प्रस्तावों की गुणवत्ता, गैंगचार्ट के परीक्षण और विभागीय समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment