.

आजमगढ़: 15.50 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार


13 एनसीआरपी शिकायतों का है आरोपी, फर्जी कॉल और कॉन्ट्रैक्ट के नाम पर बना रहा था शिकार

आजमगढ़: आजमगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 15.50 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 13 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। साइबर क्राइम थाना पुलिस को प्रतिबिंब पोर्टल से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की सूचना मिली थी। जांच के दौरान सीडीआर और समन्वय पोर्टल के विश्लेषण में मोबाइल नंबर और उससे जुड़े आईएमईआई पर विभिन्न राज्यों में दर्ज 13 साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं। इन मामलों में करीब 15.50 लाख रुपये की ठगी होना सामने आया। जांच के आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के धारक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज सिंह पुत्र स्व. रवि प्रकाश सिंह, निवासी ग्राम सरायवृन्दावन, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़, उम्र 44 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उसके गांव स्थित ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 36/2026 के तहत धारा 317(2), 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से साइबर ठगी कर रहा था। वह जस्ट डायल से निर्माण उपकरण संचालकों के नंबर लेकर खुद को एलएंडटी, नवी मुंबई का कर्मचारी बताता था और जेसीबी, बुलडोजर समेत अन्य मशीनों को काम दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। इसके अलावा फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजने, सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने और साइबर ठगी से मिली रकम को विभिन्न जनसेवा केंद्रों के क्यूआर कोड के माध्यम से नकद में बदलने का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी से बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के मामलों का पता लगाया जा सके।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment